हाथरसआगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में नवरात्रि, दशहरा, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा और वाल्मीकि जयंती को लेकर रामलीला, रावण दहन, दुर्गा पंडाल, शोभायात्रा व मूर्ति विसर्जन कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीएम ने कार्यक्रम स्थलों, विसर्जन स्थलों और मार्गों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर कमियां समय रहते दूर कराने को कहा साथ ही बिना अनुमति किसी कार्यक्रम, जुलूस या झांकी का आयोजन न होने देने, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखने को कहा गया। अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ नियमानुसार मुचलका पाबंद की कार्रवाई करने, लेकिन निर्दोष लोगों के खिलाफ अनावश्यक कार्रवाई न करने की हिदायत दी।
डीएम ने अवैध पटाखों की बिक्री व निर्माण पर रोक लगाने तथा दीपावली पर पटाखों की दुकानें घनी आबादी से दूर निर्धारित स्थानों पर ही लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, पंडालों व शोभायात्रा मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा।
पेयजल, विद्युत और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ आयोजन स्थलों पर विद्युत कर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल व सीसीटीवी व्यवस्था, पीस कमेटी की बैठकें और डीजे के निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा।
रावण दहन के पुतलों में विस्फोटक या ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल पर भी निगरानी के निर्देश दिए गए।










