हाथरस।सासनी के केएल जैन इंटर कॉलेज में छात्रों के खेल और शारीरिक अभ्यास के लिए इस्तेमाल होने वाले मैदान को बंद किए जाने और स्कूल समय में छात्रों से घास कटवाने के आरोप को लेकर विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ आवाज उठाई है।
विद्यार्थी परिषद के जिला सह-संयोजक माधव अग्निहोत्री ने मामले को छात्रों के हितों से जुड़ा बताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। माधव अग्निहोत्री के अनुसार कॉलेज का मैदान लंबे समय से बंद है। इसी मैदान में छात्र खेलकूद के साथ सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवा दौड़ और शारीरिक अभ्यास करते थे। मैदान बंद होने से छात्रों और युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल समय में छात्रों से 444 वोल्ट की मशीन के जरिए घास कटवाई जा रही है। उनका कहना है कि छात्र कॉलेज में शिक्षा ग्रहण करने आते हैं, उनसे इस तरह का काम कराया जाना उचित नहीं है। उन्होंने कॉलेज में मौजूद कर्मचारियों और अन्य स्टाफ की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
विद्यार्थी परिषद ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर छात्रों के लिए मैदान खुलवाने और छात्रों से कराए जा रहे कार्य को तत्काल बंद कराने की मांग की है। माधव अग्निहोत्री ने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद छात्रों के समर्थन में विशाल आंदोलन करेगी।










