सादाबाद में हुई रिटायर्ड फौजी और उसकी पत्नी की हत्या का पुलिस ने 72 घंटे के अंदर किया घुलासा, मृतक की दूसरी पत्नी उसके प्रेमी व एक अन्य को किया गिरफ्तार

0
27

उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में 27 सितंबर को हुई रिटायर्ड फौजी और उसकी पहली पत्नी की निर्मम हत्या की वारदात का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर किया है।

पुलिस के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड के पीछे संपत्ति का लालच और प्रेम प्रसंग की कहानी सामने आई है। मामले में मृतक की दूसरी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सादाबाद कस्बे के इस्लाम नगर में 26/27 सितंबर की रात रिटायर्ड फौजी शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की घर के अंदर धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद घर से आभूषण, नकदी और अन्य सामान भी गायब था, जिससे घटना को लूट का रूप देने का प्रयास किया गया।

जांच के दौरान पुलिस की सात टीमों ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। घटनास्थल पर मिले फुटप्रिंट, डॉग स्क्वॉड, तकनीकी साक्ष्य और यक्ष ऐप की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस का दावा है कि मृतक की दूसरी पत्नी सीमा ने संपत्ति हासिल करने के लिए अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी और वारदात को अंजाम देने के लिए 20 लाख रुपये देने का वादा किया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुरा, रक्तरंजित कपड़े, लूटे गए आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार दो आरोपी आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here