हाथरस में किशोर-किशोरियों को पोक्सो अधिनियम और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सादाबाद इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को कानून की जानकारी दी गई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश और जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय के आदेश पर 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक हाथरस के माध्यमिक विद्यालयों में जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सादाबाद इंटर कॉलेज में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सादाबाद आकांक्षा तिवारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पोक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों और उनके अधिकारों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बच्चों को परेशान करता है तो इसकी जानकारी सबसे पहले माता-पिता को दें। यदि माता-पिता ध्यान नहीं देते हैं तो पुलिस को लिखित शिकायत दें या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में नामिका अधिवक्ता दीपक कुमार ने पोक्सो अधिनियम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। वहीं पराविधिक स्वयंसेवक करन चौधरी और उर्मिला ने भी छात्र-छात्राओं को कानून और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में मिली जानकारी को अपने परिवार और परिचितों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता मेघाराम ने किया। इस दौरान प्रवक्ता धर्मवीर सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।










