हाथरस के सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हुसैनपुर के निकट गेहूं से भरे दस पहिया ट्रक ने धाम से लदे ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे धाम से लदा ट्रैक्टर अलीगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर हुसैनपुर के निकट पहुंचा, पीछे से आ रहे गेहूं से लदे दस पहिया ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन मौके पर ही पलट गए।
हादसे में ट्रैक्टर चालक और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पिता की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं, ट्रैक्टर चालक ने ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हादसे के बाद ट्रक बीच सड़क पर पलट गया और सड़क पर धाम तथा गेहूं बिखर गया, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
पुलिस के मुताबिक ट्रक चालक और परिचालक को मामूली चोटें आई हैं और दोनों स्वस्थ हैं। पुलिस ने हाइड्रा और जेसीबी की मदद से सड़क पर पलटे वाहनों और बिखरे सामान को हटवाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू हो सका। इस दौरान एटा की ओर से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दूसरे रास्ते से निकाला गया।










