सासनी में पितृपक्ष की छठ तिथि के पावन अवसर पर संत भोज और भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। श्री हनुमान जी चौकी के निकट हासिमपुर स्थित कपिल मुनि गौशाला आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में दूर-दराज से आए संतों, आचार्यों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का आयोजन पूज्य श्री मंगल पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गौ पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। इस दौरान आचार्य स्वदेश जी महाराज, आचार्य शैलेश शर्मा, पंडित तुषार उपाध्याय, आचार्य सांवरिया पाराशर समेत कई विद्वान और आचार्य मौजूद रहे।
संत भोज को संबोधित करते हुए मंगल पुरी जी महाराज ने पितृपक्ष की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष में पितरों की शांति के साथ गौ सेवा और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करना कल्याणकारी माना गया है। उन्होंने गौ सेवा को महत्वपूर्ण बताते हुए कपिल मुनि गौशाला आश्रम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों का उल्लेख किया।
वहीं, उपस्थित आचार्यों ने धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण पर अपने विचार रखे। वेद पाठ और भजन-कीर्तन से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में नजर आया।
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें संतों, श्रद्धालुओं और भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आश्रम समिति और स्थानीय भक्तों ने संतों एवं आचार्यों का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। आयोजन में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का संदेश देखने को मिला।










