हाथरस में जनता की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने जनता दर्शन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से जनसमस्याएं सुनने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी जनपद स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में मौजूद रहकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे।
जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों की जिलाधिकारी स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर जिलाधिकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दे रहे हैं।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन को त्वरित और सुगम समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।










