हाथरस। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक विभिन्न विद्यालयों में पॉक्सो एक्ट-2012 को लेकर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में अक्रूर इंटर कॉलेज, हाथरस में विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट हर्ष अग्रवाल और अपर जनपद न्यायाधीश कोर्ट संख्या-2 महेंद्र रावत ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों और कानूनी परिणामों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने किशोर-किशोरियों को बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से संबंधित मामलों में पॉक्सो कानून के प्रावधान लागू होते हैं और कानून की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
छात्र-छात्राओं से किसी भी तरह की परेशानी होने पर माता-पिता को जानकारी देने और जरूरत पड़ने पर पुलिस में शिकायत या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करने की अपील की गई।
वहीं, सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल विजय कुमार सेंगर, पराविधिक स्वयंसेवकों और विधि छात्र द्वारा भी बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के संबंध में जागरूक किया गया।
इसके अलावा 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नगला भुस स्थित वृद्धाश्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वृद्धजनों को सम्मानित करते हुए उनके अनुभवों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया। वृद्धजनों ने भी अपने अनुभव साझा किए और कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।










