सासनी में नौहरे की दीवार काटकर ₹1.60 लाख की भैंस चोरी, जांच में जुटी पुलिस

0
26

सासनी।कोतवाली क्षेत्र के इगलास रोड स्थित टायर फैक्ट्री के पास से मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक नौहरे को निशाना बनाते हुए दीवार काटकर कीमती भैंस चोरी कर ली। चोर भैंस के छोटे बच्चे को मौके पर ही छोड़ गए। सुबह जब पशुपालक नौहरे में चारा डालने पहुंचा, तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार, नगला गढ़ूं निवासी मोहित पाठक के पशु इगलास रोड पर खेत में बने नौहरे में बंधते हैं। मोहित पाठक ने बताया कि उनके पशु पिछले करीब 70 सालों से इसी स्थान पर बंधते आ रहे हैं। मंगलवार की शाम वह पशुओं को चारा-पानी देकर अपने घर चले गए थे।

बुधवार सुबह जब वह दोबारा चारा डालने नौहरे पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। नौहरे की दीवार कटी हुई थी और अंदर बंधी अन्य मवेशियों के बीच से उनकी मुख्य भैंस गायब थी, जबकि उसका बच्चा वहीं बंधा मिला।


पीड़ित के मुताबिक चोरी गई भैंस की कीमत करीब 1,60,000 रुपये है। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पीड़ित पशुपालक ने सासनी कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here