हाथरस में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने एमजी पॉलिटेक्निक का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव के लिए विधानसभा वार प्रस्तावित स्ट्रांग रूम तथा मतदान के बाद मतगणना के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध स्थान, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरी की जाएं। साथ ही जहां भी कोई कमी या समस्या है, उसका समय रहते निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








