हाथरस के सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव बोरे में बंद मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची बीते 8 नवंबर से लापता थी। बुधवार को गांव के समीप सूखे बंबे में बोरे के अंदर उसका शव बरामद हुआ।

शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अमित पाठक और थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जिले से पहुंची डॉग स्क्वायड टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

परिजनों ने बच्ची की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मासूम की मौत के पीछे की वजह और घटनाक्रम का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है।








