हाथरस के कृषि उत्पादों को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान, किसानों की आय बढ़ाने पर डीएम का जोर

0
19

हाथरस के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिलेगी पहचान, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

हाथरस। जनपद के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति-2019 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार से संबंधित बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनपद में क्षेत्रवार प्रमुख कृषि उत्पादों की पहचान कर उत्पाद आधारित क्लस्टर चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में होने वाले कृषि उत्पादन, उपलब्धता, उत्पादन क्षमता और निर्यात की संभावनाओं का आकलन कर कार्ययोजना तैयार की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि चिन्हित कृषि क्लस्टरों में कार्यरत एफपीओ, एफपीसी और अन्य किसान संगठनों को प्राथमिकता के आधार पर कृषि निर्यात प्रक्रिया से जोड़ा जाए। इसके लिए किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग, गुणवत्ता मानक, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, प्रसंस्करण, भंडारण और परिवहन की जानकारी के साथ तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों को एफपीओ और कृषक संगठनों को वाणिज्यिक एवं वित्तीय सहायता दिलाने, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और निर्यातकों से संपर्क स्थापित कराने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को केवल कृषि उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाकर उनका बेहतर मूल्य प्राप्त करना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और एफपीओ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here