हसायन में बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित, बाल विवाह रोकने और महिला कल्याण योजनाओं के प्रति किया जागरूक

0
32

 

हाथरस। विकासखंड हसायन में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं बाल विवाह ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित के निर्देशन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्य के नेतृत्व में आयोजित बैठक में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। खंड विकास अधिकारी ने योजनाओं को महत्वपूर्ण बताते हुए उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराने के लिए प्रेरित किया।

महिला कल्याण विभाग के संरक्षण अधिकारी विमल कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, दत्तक ग्रहण योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष और निराश्रित महिला पेंशन योजना की जानकारी दी। उन्होंने ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की नियमित बैठक कराने और उसकी कार्यवाही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के बारे में जागरूक करते हुए बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र की बालिका और 21 वर्ष से कम उम्र के बालक का विवाह कानूनन प्रतिबंधित है। बाल विवाह से बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होने के साथ घरेलू हिंसा, गंभीर बीमारियों और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर बढ़ने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 या आपातकालीन नंबर 112 पर देने की अपील की गई। साथ ही बताया गया कि अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक की सजा अथवा एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

एमओआईसी डॉ. वरुण कुमार चौधरी ने जननी सुरक्षा योजना एवं आयुष्मान योजना की जानकारी दी। आईसीडीएस की मुख्य सेविका रीतू ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। वहीं वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर फारिहा नोशी ने केंद्र पर मिलने वाली कानूनी सहायता, अस्थायी आश्रय, मनोसामाजिक परामर्श, चिकित्सीय एवं पुलिस सहायता की जानकारी देते हुए दहेज प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा और पॉश एक्ट के बारे में जागरूक किया।

बेसिक शिक्षा विभाग के जितेंद्र पाल सिंह ने शिक्षा विभाग की योजनाओं तथा पीएलवी अजब सिंह ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

बैठक में सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रेम किशोर, उपनिरीक्षक भिखारी दास, निशांत कुमार वीपीएम स्वास्थ्य विभाग, जय सिंह बीएमएम, आउटरीच कार्यकर्ता कैलाश चंद्र सहित विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here