हाथरस। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों को स्व-गणना की प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान जनपद के निवासी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने विभागों के कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया में भाग ले सकें। साथ ही स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी को सुरक्षित रखने और प्रगणक के घर पहुंचने पर उसे दिखाने की जानकारी दी गई।

बताया गया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर जनपदवासियों से अपील की गई कि वे जनगणना में सक्रिय भागीदारी करें और प्रगणकों को पूछे जाने वाले सभी 40 सवालों का सही एवं पूरा विवरण उपलब्ध कराएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








