हाथरस। अब हाथरस से मथुरा, गोवर्धन व बरसाना के लिए श्रद्धालु रोडवेज बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। शनिवार को आगरा रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने विधिवत पूजा-अर्चना कर दो रोडवेज बसों को मथुरा–गोवर्धन–बरसाना के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने बताया कि हाथरस से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन व बरसाना दर्शन के लिए जाते हैं, लेकिन अब तक सीधी बस सेवा न होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा हाथरस डिपो को यह सौगात दी गई है।
उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयासों से हाथरस से सीधे गोवर्धन व बरसाना के लिए दो नई बस सेवाएं शुरू की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। पहली बस सुबह 8 बजे और दूसरी बस सुबह 10 बजे हाथरस से मथुरा, गोवर्धन व बरसाना के लिए रवाना होगी।
विधायक ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन के उद्देश्य से यह पहल की गई है, इसी क्रम में आज पूजा-अर्चना कर बस सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव आर्य, मूलचंद, गणेश वशिष्ठ, मनोज पंडित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।







