हाथरस जिले के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला दुर्जिया में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हो गया। बीच सड़क पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते फायरिंग के साथ लाठी-डंडे चलने लगे। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्ष हाथों में हथियार लेकर एक-दूसरे पर हमला करने पर उतारू हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि कई राउंड फायरिंग भी हुई। सड़क पर खुलेआम हुई मारपीट और फायरिंग से गांव में दहशत का माहौल बन गया।
घटना का किसी स्थानीय व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही सादाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को काबू में किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है तथा वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।









