हाथरस। जनपद में विद्युत आपूर्ति को सुचारू, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की।
बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया, जहां बिजली आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मर की स्थिति, उपभोक्ता शिकायतों और विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को सही और वास्तविक बिजली बिल उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए मीटर रीडर नियमित रूप से निर्धारित स्थान पर पहुंचकर समय पर मीटर रीडिंग दर्ज करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने विद्युत चोरी और ओवरलोडिंग पर सख्त नियंत्रण के निर्देश देते हुए कहा कि रोस्टर के अनुसार हर हाल में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत या आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बिना देरी बदला जाए, ताकि आपूर्ति बाधित न हो।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी क्षेत्र में शटडाउन लिया जाता है तो उसकी पूर्व सूचना संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आमजन तक समय से पहुंचाई जाए। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता लोड के अनुसार बढ़ाने के भी निर्देश दिए, जिससे ओवरलोड की समस्या न हो।
बैठक में बिजली बिलों में अधिक राशि आने सहित विभिन्न शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया गया।
अधीक्षण अभियंता विद्युत द्वारा विभागीय योजनाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने मोबाइल ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत आपूर्ति बहाल की जा सके।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









