हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव विद्यानगर में एक विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महिला घायल हो गई, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया गया है कि 35 वर्षीय संगीता की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व गांव विद्यानगर निवासी मनोज के साथ हुई थी। महिला का मायका थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र के गांव बसई बावस में है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि बुधवार को पति समेत अन्य ससुरालियों ने संगीता के साथ बेरहमी से मारपीट की। महिला के भाई ने बताया कि आरोपियों ने उसका गला दबाने का भी प्रयास किया, जिससे उसके गले पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल भिजवाया।पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है









