मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनगणना-2027 को लेकर समीक्षा बैठक हुई आयोजित

0
12

 

हाथरस।उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना अभियान को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री पी.एन. दीक्षित ने की।

बैठक में स्व-गणना अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को और अधिक गति दी जाए तथा प्रत्येक पात्र परिवार तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है। स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार और मकान से संबंधित विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित होगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि स्व-गणना प्रणाली लागू होने से आंकड़ों की गुणवत्ता बेहतर होगी और त्रुटियों की संभावना कम रहेगी। साथ ही जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी बनेगी।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, शिक्षण संस्थानों और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान में भाग लें।

इसके अलावा आमजन को स्व-गणना पोर्टल और प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने तथा तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने स्व-गणना अभियान की वर्तमान प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नामित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here