पत्नी से विवाद के बाद युवक छत पर चढ़ा,आत्महत्या की दी धमकी,कड़ी मशक्कत के बाद नीचे उतारा

0
20

 

हाथरस जिले के सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव मढ़ापिथू में मंगलवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पत्नी से विवाद के बाद दो मंजिला मकान की छत पर चढ़ गया और कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। युवक को छत पर देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास करती रही। काफी मशक्कत के बाद युवक पुलिस की बात मान गया और सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां आगे की कार्रवाई और समझाइश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार गांव मढ़ापिथू निवासी पवन कुमार का अपनी पत्नी से पिछले करीब छह वर्षों से विवाद चल रहा है। दंपति के बीच आए दिन घरेलू कलह होती रहती है। उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। युवक का आरोप है कि उसका पुत्र मंदबुद्धि है और वह अपनी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह करता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता है।

बताया गया है कि पवन की पत्नी पूर्व में कई बार कोतवाली में शिकायत दर्ज करा चुकी है। पुलिस ने युवक को शांति भंग की आशंका में पाबंद भी किया था। यह मामला वर्तमान में एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है।

पवन कुमार ने बताया कि वह करीब डेढ़ माह बाद सादाबाद से तारीख कर घर लौटा था। घर पहुंचते ही पत्नी से कहासुनी हो गई, जिससे आहत होकर वह शाम करीब छह बजे मकान की छत पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा।

सीओ जैन अस्थाना ने बताया कि युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवाद को इस तरह बढ़ाना उचित नहीं है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here