हाथरस। थाना सादाबाद क्षेत्र के मोहल्ला बरीवाला में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों द्वारा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान मोहल्ला बरीवाला निवासी राहुल की पत्नी मालती के रूप में हुई है। बताया गया है कि परिजनों ने मालती को कमरे में फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी सादाबाद पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
मृतका के पिता रामसेवक ने बताया कि मालती की शादी 1 मार्च 2023 को राहुल के साथ हुई थी। मृतका का मायका जनपद फिरोजाबाद के गागनी गांव में है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मालती अपने पीछे एक मासूम बच्ची को छोड़ गई है।









