हाथरस में शिक्षकों के समायोजन को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। जनपद के समस्त कनिष्ठ शिक्षकों ने जिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय समायोजन समिति को ज्ञापन सौंपकर नियम विरुद्ध समायोजन न किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा है कि शासनादेश संख्या 2251/68-5-2026 के तहत परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापकों और अध्यापिकाओं के समायोजन के निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि, हाईकोर्ट द्वारा पूर्व में पारित आदेशों में कनिष्ठ शिक्षकों के समायोजन पर रोक संबंधी निर्देश दिए जा चुके हैं।
शिक्षकों ने अपने ज्ञापन में रिट याचिका संख्या Writ-A 5232/2024 तथा एसएस 25238/2018 का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायालय ने कनिष्ठ अध्यापकों के समायोजन न किए जाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद यदि समायोजन किया जाता है तो यह न्यायालय के आदेशों के विपरीत होगा।
समस्त कनिष्ठ शिक्षकों ने प्रशासन से मांग की है कि समायोजन प्रक्रिया पूरी तरह न्यायालय के आदेशों और शासनादेशों के अनुरूप कराई जाए तथा किसी भी कनिष्ठ शिक्षक का नियम विरुद्ध समायोजन न किया जाए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई है।









