हाथरस जिले के सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव खोड़ा में एक व्यक्ति ने गृहकलह के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 46 वर्षीय प्रदीप चौधरी पुत्र विश्वपाल सिंह के रूप में हुई है, जो गांव खोड़ा का निवासी था। जानकारी के अनुसार, प्रदीप ने घरेलू विवाद के चलते गेहूं में डालने वाली जहरीली दवा का सेवन किया था।
जहरीला पदार्थ निगलने के कुछ ही देर बाद प्रदीप की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को इसकी जानकारी होते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। वे तुरंत उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद के चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना सादाबाद कोतवाली पुलिस को पत्रक भेजकर दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।









