हाथरस। थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव नगला रतिया में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव नगला रतिया निवासी 40 वर्षीय अभिषेक चारग पुत्र रनवीर की बीती शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव में रहता था, लेकिन कुछ समय से उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। वहीं मृतक के पिता आगरा के नगाइच क्षेत्र में रहते हैं।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









