हाथरस।सादाबाद क्षेत्र के गांव ताजपुर में आयोजित नाइट नेट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में नगला शक्तिक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टिकटक टीम को 95 रन से हराकर जीत के साथ आगाज किया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता ने फीता काटकर किया। इस दौरान आयोजकों और ग्रामीणों ने अतिथि का माला पहनाकर और साफा बांधकर स्वागत व सम्मान किया।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नगला शक्तिक टीम ने निर्धारित ओवरों में 116 रन बनाए। टीम के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बटोरे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टिकटक टीम नगला शक्तिक के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 21 रन पर सिमट गई। इस तरह नगला शक्तिक टीम ने 95 रन से एकतरफा जीत दर्ज की।
मैच के दौरान गांव और आसपास क्षेत्र के खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मैदान पर मौजूद रही। दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में आसपास के कई गांवों की टीमें हिस्सा ले रही हैं तथा आगामी दिनों में कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।









