हाथरस के अलीगढ़ रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर ब्राह्मण समाज सहित अन्य लोगों ने सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने भाटी पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारी रावत नगर कॉलोनी स्थित सपा जिला कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए, जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की और राजकुमार भाटी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने उनके पुतले पर जूते-चप्पल बरसाए और बाद में पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मांग की कि राजकुमार भाटी को जल्द से जल्द पार्टी से निष्कासित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आठ दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को शांत कराया।









