हाथरस जनपद की तहसील सादाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ सक्रिय नजर आया।
कार्यक्रम में विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक प्रदीप कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता एवं प्रभावी तरीके से पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
वहीं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में सभी पक्षों की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं किया गया या एक ही शिकायत बार-बार सामने आई, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी फरियादी तहसील दिवस से निराश होकर वापस नहीं जाना चाहिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सादाबाद में कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं तहसील सिकंदराराऊ में 94 में से 2, तहसील हाथरस में 66 में से 6 तथा तहसील सासनी में 20 में से 2 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सादाबाद, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









