अनियंत्रित क्रेन ने दो बाइकों को मारी टक्कर, महिला की हुई मौत पति गंभीर रूप से घायल,मामले में पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज

0
14

 

हाथरस: सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शक्ति वन के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित क्रेन ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के गांधी पार्क थाना क्षेत्र के भूड़ा किशनगढ़ी निवासी विनोद कुमार के पुत्र सूरज कुमार अपनी पत्नी वर्षा के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP81DQ1067 से मसाला लेने हाथरस आए थे। सुबह करीब 10:30 बजे जब वे वापस अलीगढ़ लौट रहे थे,

तभी हनुमान चौकी से पहले शक्ति वन के पास पीछे से आ रही एक क्रेन (संख्या UP86AT2409) के चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक और एक अन्य मोटरसाइकिल (संख्या UP81BP6344) को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के दौरान क्रेन का पहिया वर्षा के ऊपर से उतर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके पति सूरज कुमार के घुटने, कूल्हे, पेट और कंधे पर गंभीर चोटें आईं।

पुलिस ने वर्षा के शव का पोस्टमार्टम कराया, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी और फिर जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बाद में धनीपुर मंडी स्थित श्री जी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। मृतका के ससुर विनोद कुमार की तहरीर पर पुलिस ने क्रेन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here