हाथरस के कस्बा मेण्डू से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, अनीशा की शादी करीब एक वर्ष पहले राजमोहन के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर अनीशा को परेशान करते थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
मृतका के भाई ने बताया कि घटना से एक दिन पहले अनीशा का फोन आया था। उसने बताया कि उसका पति शराब पीकर आया और उसके साथ मारपीट व गालीगलौज की। परिवार ने उसे भरोसा दिलाया कि वे अगले दिन मिलने आएंगे, लेकिन उसी रात पड़ोसियों से सूचना मिली कि अनीशा की मौत हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।









