थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव ढकपुरा में बीती देर शाम शराब पीने के दौरान हुए विवाद में फायरिंग हो गई। गोली लगने से एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया है कि गांव में दो पक्षों के बीच शराब पीने के दौरान मामूली कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली सोनू पुत्र रामवीर सिंह की गर्दन में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घायल सोनू को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे आगरा लेकर जा रहे थे, लेकिन खंदौली टोल टैक्स पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।









