हाथरस। मंगलवार को बागला जिला अस्पताल परिसर में स्थित बिजली घर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल फायर गैस सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
इसके बाद घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण जिला अस्पताल की विद्युत व्यवस्था करीब दो घंटे तक बाधित रही, जिससे अस्पताल के कार्य प्रभावित हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।









