हाथरस।भारतीय किसान यूनियन की मासिक किसान पंचायत बुधवार को जिला कार्यालय पर आयोजित की गई। पंचायत में जिले भर से किसान पदाधिकारी और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान किसानों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई।
किसानों के अनुसार, ज्ञापन लेने के लिए एसडीएम धर्मेंद्र कुमार को जिला कार्यालय पर बुलाया गया था। आरोप है कि काफी देर बाद पहुंचे एसडीएम ने आते ही खड़े-खड़े ज्ञापन देने की बात कही। इस पर भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष मलखान सिंह ने उनसे बैठकर किसानों की समस्याओं पर वार्ता करने का आग्रह किया।
किसानों का आरोप है कि एसडीएम ने जमीन पर बैठने से इनकार करते हुए केवल ज्ञापन देने की बात कही और इसके बाद वहां से चले गए। घटना के बाद किसान पंचायत में मौजूद किसानों ने नाराजगी जताई और इसे किसानों के सम्मान के खिलाफ बताया।
किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिले के किसान लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन अधिकारी उनकी बात सुनने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए और किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।









