हाथरस जनपद में पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से “टूरिज्म कॉन्क्लेव हाथरस – द बेड एंड ब्रेकफास्ट पॉलिसी” का भव्य आयोजन श्री कैला फार्म्स, हाथरस में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाना, निवेश को प्रोत्साहित करना तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना रहा।
कॉन्क्लेव के दौरान पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में पांच अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्यमियों, होटल एवं अतिथि गृह संचालकों तथा वित्तीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर अपने विचार साझा किए।
प्रथम सत्र में माननीय विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह तथा अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत ने पर्यटन विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
द्वितीय सत्र में मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल संगीता सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने प्रशासनिक स्तर पर पर्यटन विकास की संभावनाओं और योजनाओं पर चर्चा की।
तृतीय सत्र में उद्यमियों एवं व्यापारियों ने जनपद में निवेश एवं व्यापारिक अवसरों को लेकर अपने सुझाव साझा किए। वहीं चतुर्थ सत्र में होटल एवं अतिथि गृह संचालकों ने होमस्टे एवं आतिथ्य सेवाओं के विस्तार पर चर्चा की।
पंचम सत्र में विभिन्न बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पर्यटन परियोजनाओं हेतु वित्तीय सहायता एवं बैंकिंग सहयोग की संभावनाओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की “द बेड एंड ब्रेकफास्ट पॉलिसी” के अंतर्गत होमस्टे एवं आतिथ्य क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी भी साझा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि यह नीति स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करेगी तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को नई गति देगी।
मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ इको टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने अपनी पुस्तक “Walking with Wings and a Camera – Encounters with Birds of Aligarh” जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को भेंट की।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि हाथरस की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में यह कॉन्क्लेव एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी होटल संचालकों, उद्यमियों, निवेशकों एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र का विकास स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, उद्योग बंधु, व्यापारी बंधु सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









