हाथरस।थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित लक्ष्मी नगर कॉलोनी में बीती देर शाम 11 हजार फॉल्ट की विद्युत लाइन का फॉल्ट ठीक करते समय एक संविदा विद्युत लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया है कि सासनी थाना क्षेत्र के गांव कोरना निवासी 50 वर्षीय राजन सिंह पुत्र साहब सिंह कई वर्षों से प्रगतिपुरम बिजली फीडर पर संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। बीती देर शाम वह अपने एक साथी के साथ लक्ष्मी नगर कॉलोनी में 11 हजार की विद्युत लाइन का फॉल्ट ठीक करने पहुंचे थे। इसी दौरान वह विद्युत पोल पर चढ़कर कार्य कर रहे थे, तभी अचानक लाइन में करंट आ गया और वह पोल से नीचे गिर पड़े।
घटना में गंभीर रूप से घायल राजन सिंह को साथी कर्मियों द्वारा तत्काल जिला अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए।
मृतक के परिजनों और साथी कर्मचारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे की सूचना मिलने के बाद भी विभाग का कोई अधिकारी अस्पताल या मृतक के परिजनों से मिलने नहीं पहुंचा।









