हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में मामूली बात को लेकर दबंगों द्वारा एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग युवक की जेब में रखे रुपये भी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार गांव भवन खेड़ी मेंडू निवासी अनमोल शर्मा पुत्र पवन कुमार शर्मा किसी कार्य से हाथरस जंक्शन गया हुआ था। बताया गया है कि शराब के ठेके के पास रास्ते में कुछ दबंग युवकों ने उसे रोक लिया और बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अनमोल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दबंगों ने युवक को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी जेब में रखे पैसे छीन लिए और बाइक छीनने का भी प्रयास किया।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।









