हाथरस। गंगा दशहरा के पावन पर्व एवं भीषण गर्मी को देखते हुए सोमवार को कोतवाली सदर के बाहर होमगार्ड जवानों द्वारा ठंडे शीतल जल और शरबत वितरण का आयोजन किया गया। इस दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों, वाहन चालकों एवं आम लोगों को मीठा ठंडा पानी और शरबत पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
कार्यक्रम में होमगार्ड जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लोगों को रुक-रुक कर शीतल जल वितरित किया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच इस सेवा कार्य से राहगीरों को काफी राहत महसूस हुई। लोगों ने होमगार्ड जवानों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक और मानव सेवा से जुड़े कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
गंगा दशहरा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को लोगों ने पुण्य कार्य बताते हुए होमगार्ड जवानों की प्रशंसा की। राहगीरों ने कहा कि गर्मी के मौसम में इस प्रकार के आयोजन जरूरतमंद लोगों के लिए काफी मददगार साबित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान आसपास के लोगों ने भी होमगार्ड जवानों का उत्साहवर्धन किया और उनके इस सेवा भाव की जमकर तारीफ की।









