हाथरस। सोमवार को आगरा रोड स्थित भारत गुड्स कैरियर ट्रांसपोर्ट पर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में लगातार बढ़ रही डीजल और पेट्रोल की कीमतों को लेकर चिंता जताई गई। ट्रांसपोर्ट व्यापारियों ने कहा कि ईंधन के लगातार बढ़ते दामों के कारण ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
पदाधिकारियों ने कहा कि डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन ट्रांसपोर्ट भाड़े और किराए में अभी तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। ऐसे में अब ट्रांसपोर्ट व्यापारी भी भाड़े और किराए में बढ़ोतरी करने को मजबूर होंगे।
उन्होंने व्यापारियों से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि अन्य जनपदों और प्रदेशों से सामान लाने-ले जाने में ट्रांसपोर्ट व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार रखे और लोकल सहित अन्य जनपदों के भाड़े को लेकर चर्चा की। इसके बाद ट्रांसपोर्ट व्यापारियों ने डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन भी किया।
प्रदर्शन के दौरान राहुल गुप्ता, नवजोत शर्मा, रामकुमार गौड़ उर्फ बंटी भैया, बंसी पंडित, रोहित कुमार, अभिषेक शर्मा, देवांशु चौधरी सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यापारी और वाहन चालक मौजूद रहे।









