गंगा दशहरा के पावन अवसर पर अलीगढ़ रोड नहर पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़,

0
10

 

हाथरस। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर अलीगढ़ रोड स्थित नहर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लोग परिवार के साथ नहर पर पहुंचने लगे और श्रद्धा भाव के साथ स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगा दशहरा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मान्यता है कि इस दिन गंगा एवं पवित्र जल में स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग गंगा दशहरा पर स्नान करने पहुंचते हैं।

नहर पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने नहर में स्नान कर धार्मिक अनुष्ठान किए और भगवान की पूजा-अर्चना की। वहीं कई परिवारों ने अपने छोटे बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखाई दिया और पूरे दिन नहर किनारे चहल-पहल बनी रही।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हाथरस गेट पुलिस भी मौके पर तैनात रही। पुलिसकर्मी लगातार लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकते नजर आए और नहर किनारे निगरानी बनाए रखी ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो सके। भीड़ अधिक होने के चलते पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील भी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here