हाथरस।भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही लू को देखते हुए हाथरस जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। हीट वेव को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने एडवाइजरी जारी करते हुए आमजन से सावधानी बरतने और जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में डिहाइड्रेशन, चक्कर आने या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जाए। उन्होंने लोगों से विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीटवेव का खतरा अधिक रहता है। बाहर निकलने की स्थिति में छाता इस्तेमाल करने और सिर को ढककर रखने की सलाह दी गई है। साथ ही लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने और खुद को हाइड्रेट रखने की भी अपील की गई है।









