जनपद हाथरस के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित कमला बाजार में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत कर दिया।
24 मई 2026 को माधुरी गर्ग नाम की महिला अपने परिवार के साथ बाजार में कुल्फी खाने आई थीं। इसी दौरान उनका लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का सोने का हार कहीं गिर गया। हार खोने का पता चलते ही महिला और उनके परिजन परेशान हो गए और बाजार में तलाश शुरू कर दी, लेकिन हार नहीं मिला।
सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षी विवेक कुमार और पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिस कर्मियों ने तुरंत आसपास के लोगों और दुकानदारों से जानकारी जुटाई तथा पूरे क्षेत्र में गंभीरता से खोजबीन शुरू की। काफी प्रयासों के बाद सड़क किनारे महिला का सोने का हार सुरक्षित अवस्था में मिल गया।
पुलिस कर्मियों ने पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए आवश्यक सत्यापन के बाद हार महिला के परिजनों को वापस कर दिया। अपना कीमती हार वापस पाकर महिला और उनके परिवार ने हाथरस पुलिस का आभार व्यक्त किया।
यह सराहनीय कार्य हाथरस पुलिस की संवेदनशीलता, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।









