हाथरस। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने मंगलवार को विकास कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में “जीरो पॉवर्टी” और “फैमिली आईडी” योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ पी.एन. दीक्षित ने बताया कि जीरो पॉवर्टी अभियान के प्रथम चरण में आठ विभागों और द्वितीय चरण में अन्य आठ विभागों को शामिल किया गया है, जबकि तीसरे चरण में कौशल विकास को रखा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रथम चरण के कार्यों को 15 जनवरी तक पूरा किया जाना था, लेकिन अभी भी कई योजनाओं में लाभार्थियों का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण नहीं हो पाया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, दिव्यांग पेंशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं में अभी कुछ लाभार्थी शेष हैं। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि माह के अंत तक सभी पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ देकर लक्ष्य पूरा किया जाए।
बैठक में द्वितीय चरण की योजनाओं, जिनमें उज्ज्वला योजना और स्वच्छ शौचालय जैसी योजनाएं शामिल हैं, की भी समीक्षा की गई। इस दौरान सीडीओ ने आपूर्ति विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार बैठकों में अनुपस्थित रहा है और योजनाओं की प्रगति भी संतोषजनक नहीं है।
सीडीओ पी.एन. दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए योजनाओं में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।









