हाथरस।मंगलवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आवास विकास परिषद की आगरा डिवीजन टीम के साथ शहर के आगरा रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलोनी की आधारभूत सुविधाओं, पार्कों और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि शासन द्वारा अवस्थापना निधि के तहत धनराशि जारी की गई है, जिसके अंतर्गत कॉलोनी में कराए जाने वाले विकास कार्यों का सत्यापन करने के लिए आवास विकास परिषद की टीम के साथ निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि यह कॉलोनी काफी पुरानी है और नगर निगम को हैंडओवर हो चुकी है, लेकिन यहां अभी भी कई आधारभूत सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कॉलोनी में बने खुले नाले को सबसे बड़ी समस्या बताते हुए उसे प्राथमिकता के आधार पर कवर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह नाला पूरे क्षेत्र के लिक्विड वेस्ट को ड्रेन तक पहुंचाता है और खुले होने के कारण लोगों के लिए परेशानी और बीमारी का कारण बन सकता है।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने उन खाली पड़े प्लॉटों और मकानों पर भी चिंता जताई जिनका निर्माण अभी तक नहीं कराया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्लॉट मालिकों को नोटिस जारी किए जाएं। यदि उन्हें प्लॉट की आवश्यकता नहीं है तो उसे सरेंडर करें और आवश्यकता होने पर निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा करें।
डीएम अतुल वत्स ने कॉलोनी के पार्कों की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में करीब छह से सात पार्क हैं, लेकिन कोई भी पार्क अच्छी स्थिति में नहीं मिला। उन्होंने बताया कि अवस्थापना निधि से कम से कम दो पार्कों को विकसित करने की योजना बनाई जा रही है ताकि स्थानीय नागरिकों को व्यायाम, योग और अन्य सुविधाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि आवास विकास कॉलोनी के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और क्षेत्र का समुचित विकास सुनिश्चित हो।









