अग्निवीर में चयन के अगले ही दिन युवक की मौत,खुशियां मातम में बदली

0
8

 

हाथरस। सादाबाद थाना क्षेत्र के मोनिया गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। अग्निवीर भर्ती में चयनित होने की खुशी मनाने वाला परिवार अगले ही दिन गहरे सदमे में डूब गया, जब 20 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मोनिया गांव निवासी किसान ओमवीर सिंह के पुत्र राहुल (20) का सोमवार को अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ था। बेटे की सफलता से परिवार में उत्सव जैसा माहौल था। घर पर रिश्तेदारों, मित्रों और ग्रामीणों का आना-जाना लगा रहा।

मिठाइयां बांटी गईं और देर रात तक खुशियां मनाई जाती रहीं। परिजनों के अनुसार राहुल बचपन से ही मेधावी छात्र था और देश सेवा का सपना देखता था, जिसे पूरा करने की दिशा में उसने बड़ी सफलता हासिल की थी।

मंगलवार सुबह अचानक राहुल को तेज सिरदर्द और घबराहट की शिकायत हुई। कुछ ही देर में उसकी हालत गंभीर होने लगी। परिजन उसे तत्काल सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।

परिजन राहुल को उपचार के लिए आगरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि युवक को अस्पताल लाए जाने के समय वह बेहोशी की अवस्था में था। प्राथमिक उपचार के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते उसे आगरा रेफर किया गया था।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए गांव के बाहर स्थित खेत में राहुल का अंतिम संस्कार कर दिया।

अग्निवीर में चयन की खुशी के बीच हुई इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गांव में हर किसी की जुबान पर राहुल की मेहनत, लगन और अधूरा रह गया देश सेवा का सपना ही चर्चा का विषय बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here