हाथरस।उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सासनी कोतवाली क्षेत्र स्थित नया नगला गांव में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 25 वर्षीय युवक मुनेश पुत्र गिर्राज सिंह ने अपने ही खेत पर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की भनक लगते ही बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी के अनुसार, युवक द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।









