विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल का 5 वर्षों से निरंतर चल रहा श्री हनुमान चालीसा का पाठ, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

0
10

 

सिकंद्राराऊ। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा विगत 5 वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं मिलन कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को ईदगाह रोड स्थित स्वर्गीय सेठ गंगाशरण जी के महादेव मंदिर परिसर में भव्य हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं सनातन प्रेमियों ने सहभागिता कर भगवान श्री हनुमान जी का सामूहिक स्मरण एवं भजन-कीर्तन किया।

इस अवसर पर स्वर्गीय सेठ गंगाशरण जी के परिवारजनों ने विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल द्वारा पिछले पांच वर्षों से लगातार संचालित इस धार्मिक एवं सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शरबत वितरण की व्यवस्था की गई तथा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान परिवारजनों ने विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। पूरे वातावरण में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही, जिससे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया।

विहिप एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन द्वारा प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाला हनुमान चालीसा पाठ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने, युवाओं में संस्कार जागृत करने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। पांच वर्षों से बिना किसी व्यवधान के निरंतर चल रहा यह कार्यक्रम आज जनआस्था का केंद्र बन गया है।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने राष्ट्र, धर्म एवं समाज की उन्नति तथा जनकल्याण की कामना करते हुए हनुमान जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। 🚩🚩🚩

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here