हाथरस। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाई का नगला में शराब के नशे में धुत कुछ दबंग युवकों द्वारा हंगामा, मारपीट और पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक एक दुकान के सामने आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान दुकान पर मौजूद एक युवती ने उन्हें वहां से जाने और विवाद बंद करने के लिए कहा। युवती ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन यह बात दबंगों को नागवार गुजर गई।
आरोप है कि इसके बाद युवकों ने युवती पर हमला बोल दिया और उसे लात-घूंसों से बेरहमी से पीट दिया। मारपीट के दौरान पथराव भी हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हंगामा और मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर युवती को बचाया।
घटना में घायल युवती को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







