उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में संबंधित विभागीय अधिकारियों, नोडल अधिकारियों तथा परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश स्तर की इस महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा को शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शुचितापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न होने पाए।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए शासन एवं भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने परीक्षा दिवस पर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि यह भर्ती परीक्षा प्रदेश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता, सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी, नोडल अधिकारी तथा परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







