हाथरस। विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद हाथरस एवं आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में टाउन हॉल में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी ने की। इस दौरान मोहल्ला समिति की महिलाओं को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा डस्टबिन वितरित कर स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर पौधरोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने हरित वातावरण के निर्माण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओमपाल बाबूजी रहे, जबकि विभिन्न सामाजिक संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों, नगर पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी ने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए। कार्यक्रम में ब्रांड एंबेसडर दीप्ति अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भविष्य के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।







