दो बाइकों में हुई टक्कर के बाद एक बाइक सवार नहर में गिरा,युवक की हुई मौत

0
12

 

हाथरस के सिकंदराराऊ से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर के बाद एक युवक बाइक समेत नहर में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। युवक का शव करीब तीन घंटे बाद मोटरसाइकिल सहित नहर से बरामद किया गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित मऊ गांव के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय टीटू, जो पेशे से पुताई का काम करता था, काम के सिलसिले में बमनोई गांव गया हुआ था। रात करीब आठ बजे वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान मऊ गांव के पास सड़क किनारे बनी नहर के निकट सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर गन्ने लदे हुए थे। अंधेरा होने के कारण दोनों वाहन चालकों को एक-दूसरे का सही अंदाजा नहीं लग पाया और हादसा हो गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि टीटू की बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे बने गहरे बंबे यानी नहर में जा गिरी और वह पानी में डूब गया। दूसरी बाइक सवार भी सड़क पर गिरा, लेकिन उसे इस बात की जानकारी नहीं हो सकी कि दूसरा युवक नहर में जा गिरा है।

जब देर रात तक टीटू घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर नहर में खोज अभियान चलाया।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद टीटू को उसकी मोटरसाइकिल सहित नहर से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक टीटू अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चे हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here