हाथरस।उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज की हजारा नहर में हुए दर्दनाक हादसे के बाद हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में शोक की लहर है।
थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव टीकरी कला निवासी तीन सगे भाइयों की नहर में डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके साथ गया एक युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। 
जानकारी के अनुसार, गांव टीकरी कला निवासी हरेंद्र उर्फ छोटू, अजय और जयप्रकाश अपने साथी सुमित के साथ शनिवार को बाइक से कासगंज की हजारा नहर में स्नान करने गए थे। नहाते समय तेज बहाव के कारण चारों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। सुमित ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन तीनों सगे भाई नहर में लापता हो गए।
पानी से बाहर निकलने के बाद सुमित ने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, पीएसी और फ्लड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शनिवार रात से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन रविवार दोपहर तक चला। काफी मशक्कत के बाद रेलवे पुल के पास से युवकों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद तीनों भाइयों के शव गांव टीकरी लाए जाएंगे, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।







